
ये मुश्किल आम हैं...
जब से आप मेरे जीवन में आईं हैं, तभी से लगता रहा है आपको कि आप खूबसूरत नहीं हैं। आपको छोड़ संसार की हर औरत खूबसूरत है, बस आप खूबसूरत नहीं है। हर बार... और कितनी ही बार, मैंने ये गलतफहमी दूर करने की कोशिश की... पर नाकाम रहा हूं।
-----------
आज एक चिट्ठी पढ़ी तो लगा इसमें तो वही बात है, जो मैं लगातार आपसे कहता रहा हूं... पर आपको समझा नहीं पाया।
विक्टोरिया कैरोलाइन... अमेरिकी फोटोग्राफर हैं, एक दिन उनके ईमेल में उन्हें एक चिट्ठी मिली।
हुआ ये कि अमेरिका के टैक्सस के उपनगर San Antonio के होटल Gorgeous में मिसेज बैंक नाम की एक महिला एक दिन विक्टोरिया से मिलने आईं। वो महिला किसी महरानी सी खूबसूरत थीं। बेशक उनका वजन ज्यादा था, आप उन्हें मोटी पुकार सकते हैं, लेकिन वो बला की खूबसूरत लग रही थीं। इतना खूबसूरत होने के बाद भी मिसेज बैंक, विक्टोरिया से अपना प्रोफाइल बनवाने आईं थीं। उन्होंने विक्टोरिया से अपनी कुछ तस्वीरें खींचकर, उन्हें फोटोशॉप या कम्प्यूटर ग्राफिक्स से ठीक करने की विनती की। वो चाहती थीं कि विक्टोरिया उनकी तस्वीरों से उनके स्ट्रेच मार्क्स मिटा दें। उनकी कमर पतली कर उनकी उम्र कम दिखा दें। त्वचा की झुर्रियां हटा दें। अधेड़ उम्र के चलते कुल्हे और जांघों पर आ गए, गड्डे, दाग-धब्बे और खुरदुरापन ठीक कर दें।
विक्टोरिया ने वैसा ही कर दिया। मिसेज बैंक ने अपनी उन तस्वीरों का अलबम अपने पति को भेंट कर दिया। कुछ दिन बाद विक्टोरिया को एक ईमेल मिला। मेल उस भद्र महिला मिसेज बैंक के पति मिस्टर बैंक की तरफ से था।
मेल में लिखा था...
-----------------------------------------------------
प्रिये विक्टोरिया,
मैं मिसेज बैंक का पति फलां हूं। मैं आपको इसलिए लिख रहा हूं क्योंकि हाल ही मुझे एक अलबम दिया गया है, जिसमें मेरी पत्नी की वो तस्वीरें हैं, जो आपने ली थीं।
मेरी मंशा आपको निराश या उदास करने की कतई नहीं। लेकिन मैं आपसे कुछ कहना चाहता हूं। मैं और मेरी पत्नी 18 साल की उमर से साथ-साथ हैं। हमारे दो प्यारे बच्चे हैं। तब से लेकर आजतक, इन बरसों में हमने साथ-साथ जीवन के कई उतार चढ़ाव देखे हैं।
दरअसल मैं जानता हूं कि मेरी पत्नी ने ये तस्वीरें क्यों बनवाई। उन्होंने ये तस्वीरें इसलिए बनवाई हैं कि वो मेरे लिए कुछ चटकारेभरा, मसालेदार, कुछ मजेदार कर पाएं। उन्हें अक्सर लगता है कि वो मेरे लिए आकर्षक नहीं रहीं हैं। वो मानती है कि इसकी वजह से, अगर मैं किसी कम-उम्र औरत के चक्कर में पड़ जाऊं तो इसमें मेरी कोई गलती नहीं होगी। वो दोष उनका होगा कि वो मुझे रिझा नहीं पा रही हैं, क्योंकि वो अब खास आकर्षक नहीं लगतीं हैं।
मैंने जब आपकी ली हुई तस्वीरों वाला अलबम खोला, तो मेरा दिल बैठ गया। ये तस्वीरें यकीनन अदभुत हैं, बेजोड़... आप बेशक कमाल की फोटोग्राफर हैं। मुश्किल ये है कि बेहद खूबसूरत ये तस्वीरें, मेरी पत्नी की तस्वीरें नहीं हैं। ये तो मेरी पत्नी हैं ही नहीं...
आपने इन तस्वीरों में उनकी सारी खूबियां हटा दीं। वो खूबियां... जिन्हें आपने दरअसल त्रुटि समझा है, उन सबको गायब कर दिया है। बेशक उन्होने ही आपको ऐसा करने के लिए कहा होगा। लेकिन इन तस्वीरों में से वो सारी चीजें गायब हैं..., इनसे वो सारी चीजें छीन लीं गईं हैं, जिनके सहारे हमारा जीवन खड़ा हुआ है।
मैं आपको चोट पहुंचाना नहीं चाहता, बस जैसा फील कर रहा हू, वो बता रहा।
आपने उनके पेट से सारे स्ट्रेचमार्क्स हटा दिए, ऐसा करके दरअसल आपने हमारे बच्चों के पैदाइश के सारे सबूत और उनके होने के दास्तावेजों को नष्ट कर दिया। आपने उनकी झुरियां हटाईं तो दरअसल आपने दो दशकों के हमारे साहचर्य, साथ-साथ जी गईं हमारी हंसी और परेशानियों की निशानियां मिटा दीं। आपने उनके पैरों और जांघों के दाग और मांसल गड्डे मिटाए तो आपने बरसों से खीर और मिठाई पकाने के उनके अनुभव और साथ मिल उनका अदभुत स्वाद लेने के हमारे सुख की सारी यादें, सारे चिह्न पोंछ डाले।
मैं ये सब आपसे इसलिए नहीं कह रहा कि आपको बुरा लगे। आपने तो बस अपना काम किया और कमाल का किया है। मैं बस आपका आभार व्यक्त करना चाहता हूं कि इन तस्वीरों को देखकर मुझे लगा कि शायद मैं अपनी पत्नी को ठीक से बता नहीं पाया हूं कि मैं उन्हें कितना प्यार करता हूं। और वो जैसी भी हैं, मैं दीवाना हूं उनका। वो शायद ही कभी मेरे मुंह से ये सुन पाती हैं... और इसी से उन्हें लगता है कि ये तस्वीरें ही हैं वो चीजें, जो मैं उनमें खोजता हूं।
ये जानते हुए कि उनकी तमाम अपूर्णताओं के साथ मैं बाकी जीवन उनके साथ जश्न मनानेवाला हूं, मुझमें जबरदस्त सुधार की जरूरत है। इसका ध्यान दिलाने के लिए आपका आभार।
भवदीय
--------------------------------------
ये तो मिस्टर बैंक की बातें हैं।
मैंने भी न जाने कितनी ही बार ये बातें आपसे कहीं हैं। कहा है कि नहीं कि आप दुनिया की सबसे खूबसूरत औरत हैं?
आपके बदन के सारे दाग, सारे धब्बे मेरी वजह से हैं कि आपने हमको दो प्यारे बच्चे दिए। आपने उन्हें अपना दूध पिलाया है... आप मां है... मेरे बच्चों की मां... आपके बदन की हर रेखा यही तो बताती है कि आपने अपना जीवन हमें दिया है।
हमारा एक परिवार है. आपने बाबूजी, मां.... हमारे पूरे खानदान के गुणसूत्रों को आगे बढ़ाया है। हम सबों ने साथ मिलकर एक शानदार जीवन जिया है। सारे बच्चे,एक साथ मिलकर...
साथ बिताए वक्त से बनी ये रेखाएं, उस वक्त का आप पर असर... इन सबमें हमारा स्नेह, प्यार नहीं है क्या? आप जैसी भी हैं, दुनिया की सबसे खूबसूरत औरत हैं! मुझे आकर्षित करने के लिए, रिझाने के लिए आपको कोई कोशिश करने की जरूरत नहीं कि मैं तो पहले से ही आपके लिए पागल हुआ पड़ा हूं।
10 comments:
Awesome Mr Krishan ..!!
Nyc
Thanks
हृदयस्पर्शी...
आपने दिल जीत लिया भाई इसके अलावा और कोई जवाब नहीं और कोई शब्द नहीं हर परिवार को टूटते हुए बचाया है आपने बहुत बहुत धंयवाद
बहुत बढ़िया मित्र
Thanks
Every word has a magic.
Every word has a magic.
Post a Comment